सहसवान में घर में सो
रही वृद्धा की हत्या
तीन लोगों पर रिपोर्ट, हत्या के केस में जेल में बंद है बेटा
घर में अकेली थी महिला, गुरुवार को होगा शव का पोस्टमार्टम
अमर उजाला ब्यूरो
सहसवान (बदायूं)।
कोतवाली क्षेत्र के धुबिया गांव में घर में अकेली सो रही वृद्धा की मंगलवार रात में सोते समय हत्या कर दी गई। सुबह ग्रामीणों को घटना के बारे में पता लगा तो उन्होंने मृतका के पुत्र को सूचना देकर बुला लिया। पुत्र ने रंजिशन हत्या का आरोप लगाते हुए सहसवान निवासी तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। एसपी देहात ने भी गांव पहुंचकर परिवारीजनों और ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी ली और पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
घटना मंगलवार रात क्षेत्र के गांव गढौलिया पटटी तासौल उर्फ धुबिया में हुई। गांव निवासी लखमी चन्द्र मौर्य सहसवान कस्बे के रामवीर वाल्मीकि हत्याकांड में नामजद था। इस मामले में वह कई साल से जेल में बंद है। उसके दोनों पुत्र बाहर रहते हैं। लखमी की पत्नी दुलारो (60) गांव में अकेली रहती थी। मंगलवार रात उसके घर में घुसे हत्यारों ने दुलारो की हत्या कर दी। सुबह करीब साढे आठ बजे पड़ोस का कोई व्यक्ति दुलारो के घर में गया तो उसका शव चारपाई पर अस्तव्यस्त हालत में पड़ा था। पैर आधे से अधिक चारपाई से लटक रहे थे तो गले और शरीर पर चोट व खरोंच के निशान भी थे। ग्रामीणों को दुलारो की हत्या के बारे में पता लगा तो उन्होंने मृतका के पुत्र और पुलिस को सूचना दी। हत्या की सूचना मिलते ही प्रभारी कोतवाल अनिल सिरोही, सीओ बिल्सी इरफान नासिर खान मौके पर पहुंच गए। बहाद में एसपी देहात डा. एसपी सिंह भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंचे मृतका के पुत्र राजेश ने पुलिस को बताया कि उसके पिता रामवीर वाल्मीकि पुत्र रामलाल निवासी मोहल्ला अकबराबाद, सहसवान के कत्ल में सजा काट रहे हैं। इसी मामले में रामवीर के परिवारीजन रंजिश मानते हैं। राजेश ने सत्यवीर व पप्पू पुत्रगण रामलाल वाल्मीकि और राहुल पुत्र सत्यवीर के खिलाफ पुलिस को मां की हत्या करने की तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव को सील कर दिया। प्रभारी कोतवाल अनिल सिरोही का कहना था कि शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। उसकी रिपोर्ट के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को शव देर से लाने की वजह से पोस्टमार्टम नहीं हो सका। गुरुवार को पोस्टमार्टम से हत्या की सही वजह पता लगेगी।