बालक की हत्या के मामले
में चार आरोपी गिरफ्तार
मुख्य आरोपी अब भी पकड़ से बाहर
काजीखेड़ा गांव में बुधवार को पिता-पुत्र के झगड़े के दौरान हुई थी घटना
अमर उजाला ब्यूरो
दातागंज।
थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव काजी खेड़ा में पंचायत के दौरान गोली लगने से हुई बालक की मौत में नामजद पिता और उसके तीन बेटों समेत चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस ने कई संभावित स्थानों पर दबिश भी दी मगर वह हाथ नहीं लगा।
बुधवार को गांव काजीखेड़ा में इंजन के बंटवारे को लेकर पिता जवाहर का अपने बेटे लज्जाराम से विवाद हो रहा था। इसी दौरान लज्जाराम ने उत्तेजित होकर अपने पिता जवाहर पर गोली चला दी जो वहीं पर खड़े अलबेटे के सात वर्षीय बेटे अर्पित के लगी। मौके पर ही अर्पित की मौत हो गई। इस संबंध में अलबेले ने जवाहर के अलावा उसके पुत्र लज्जाराम, काशीराम, साधू और शीलेंद्र के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। हालांकि हमलावर घटना के तुरंत ही बाद ही घर से भाग गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पहले लाश को कब्जे में लिया था और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी जल्द गिरफ्तारी का भरोसा पीड़ित परिवार को दिया था। सो पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश भी दे रही थी। पुलिस को सफलता भी मिल गई। पुलिस ने नामजद जवाहर, काशीराम, साधू और शीलेंद्र को एक स्थान से गिरफ्तार कर लिया है। एसओ मूसाझाग राकेश सिंह चौहान ने बताया कि मुख्य आरोपी लज्जाराम को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।