बिसौली (बदायूं)। शुक्रवार दोपहर सेटाखेड़ा गांव में आई बरात के दौरान मनपसंद गाना न बजाने पर लोगों ने डीजे मालिक और गाड़ी ड्राइवर को पीट दिया, जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। डीजे मालिक ने 15 हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है लेकिन देर शाम तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
संभल जिले के ग्राम मचखेड़ा निवासी कमल पुत्र नौबत सिंह की बरात शुक्रवार दोपहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सेटाखेड़ा निवासी गुलाब सिंह के यहां आई थी। बरात चढ़त के दौरान गांव के कुछ लोग डीजे मालिक पप्पू निवासी मचखेड़ा से अपनी पसंद का गाना बार-बार बदलने को कह रहे थे। डीजे वाले ने उनकी पसंद का गाना नहीं लगाया, जिससे आरोपी नाराज हो गए। शाम करीब साढ़े चार बजे डीजे वाले गाड़ी में सामान लादकर लौट रहे थे, तभी आरोपियों ने अपने आठ दस साथियों के साथ पप्पू को गांव के बाहर रोक लिया और सरिया से मारपीट शुरू कर दी। गाड़ी के ड्राइवर बंटी ने पप्पू को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसे भी पीट दिया। पप्पू ने पुलिस को आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर 14 हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है। इस मारपीट में डीजे मालिक, बंटी समेत तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने शुक्रवार देर रात तक आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने बताया कि तहरीर आ गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।