जरीफनगर (बदायूं)। थाना क्षेत्र के ग्राम बस्तोई सीकरी में बुधवार शाम दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग हो गई, जिसमें गांव में अफरातफरी मच गई और एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन तब तक फायरिंग करने वाले गांव से फरार हो गए।
ग्राम निवासी पूर्व प्रधान तेजवीर सिंह और बाबा के बीच काफी समय से पुरानी रंजिश चल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंगलवार को तेजवीर सिंह अपनी लहटा की फसल उठा रहा था, जिसे दूसरे पक्ष के लोगों ने उठाने नहीं दिया था। इसकी शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लहटा की फसल उठवा दी। बुधवार शाम करीब छह बजे तेजवीर अपने खेत की जुताई कर रहा था। आरोप है कि उसी समय बाबा कई लोगों के साथ खेत पर पहुंच गया। दोनों पक्षों में गाली-गलौज हो गई और मारपीट के बाद गांव में आकर दोनों पक्षों में फायरिंग हो गई। करीब एक घंटे तक दोनों पक्षों में गोली चली, जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। लोग अपने-अपने घरों में जाकर घुस गए। इस दौरान बाबा गोली लगने से घायल हो गया। फायरिंग के दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी, जिस पर इंस्पेक्टर पंकज लवानिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए परंतु तब तक आरोपी गांव से फरार हो गए। पुलिस ने घायल मिले बाबा को जिला अस्पताल भेज दिया है। देर रात तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
------------------------------------------
दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग हुई है। इसमें एक व्यक्ति घायल हुआ है। अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। तहरीर आने पर इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
- पंकज लवानिया, इंस्पेक्टर जरीफनगर