उसहैत थाना क्षेत्र के ग्राम बंगस नगला में पत्नी की धनकुटा मारकर हत्या करने वाले पति के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोपहर के समय पुलिस ने आरोपी पति को जेल भेज दिया। साथ ही पोस्टमार्टम के बाद महिला के शव को परिजनों के हवाले कर दिया है।
करीब 35 वर्षीय प्रीति पत्नी छविराम शाहजहांपुर जिले में मिर्जापुर थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर निवासी थी। प्रीति का मायका हरदोई जिले के शाहबाद में है। दो दिन पहले प्रीति पति छविराम और अपने चार बच्चों के साथ अपनी बहन नन्ही देवी के घर उसहैत क्षेत्र के ग्राम बंगस नगला आई थी। गुरुवार शाम करीब चार बजे सभी लोग आंगन में बैठे बात कर रहे थे। उसी समय पति पत्नी में विवाद हो गया था। इससे छविराम ने पास में रखा धनकुटा उठाकर प्रीति के सिर में मार दिया था। इससे प्रीति की मौके पर ही मौत हो गई। इधर, प्रीति की मौत की खबर सुनकर उसके पिता सुरेश देर रात गांव पहुंच गए। उन्होंने शुक्रवार सुबह छविराम के खिलाफ हत्या की तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी छविराम को जेल भेज दिया। दोपहर के समय पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया। उसके बाद पुलिस ने शव को परिवार वालों के हवाले कर दिया।