थाना क्षेत्र के ग्राम रघुनाथपुर में गुरुवार शाम अखंड रामायण के बाद भंडारे के दौरान पत्तल उठाने को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडें चले और जमकर पथराव हुआ। इसमें रिश्तेदारों समेत छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
ग्राम रघुनाथपुर निवासी अनोखेलाल ने अपने यहां अखंड रामायण कराई थी। गुरुवार को समापन के अवसर गांव में भंडारा हुआ था। भंडारे में गांव के लोग और रिश्तेदार शामिल हुए थे। देर शाम को भंडारे के दौरान गांव के ओमपाल और वीरेंद्र प्रसाद खा रहे थे। उसी समय पत्तल उठाने को लेकर दोनों में विवाद हो गया। ओमपाल कहने लगे कि वह पत्तल नहीं उठाएंगे। इस पर वीरेंद्र भी पत्तल उठाने को मना करने लगे। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। यह देखकर ओमपाल पक्ष के करीब 10-12 लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को मारना-पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद जमकर पथराव शुरू कर दिया। इससे भंडारे में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान हमलावरों के जो हत्थे चढ़ा उसे जमकर पीटा। इससे वीरेंद्र पुत्र जोरावर, उनके भाई राजेंद्र, ओमपाल, दयानंद, वीरेश के अलावा बिलारी क्षेत्र के ग्राम जसरतपुर निवासी रिश्तेदार राजमाला पत्नी रामेश्वर घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर यूपी 100 व उघैती पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर मारपीट करने वाले फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया है। एसओ प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष एक ही बिरादरी के हैं। आपस में विवाद हुआ है। मामले की छानबीन की जा रही है।