उसावां। घरवाले छत पर सोते रह गए और चोर नकदी, जेवर समेत सारा माल समेटकर ले गए। यह घटना उसावां थाना क्षेत्र के गांव रावतपुर में हुई। गृह स्वामी ने रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
रविवार की रात में प्रमोद यादव के मकान में चोर दीवार फांदकर घुस गए। प्रमोद के मुताबिक हैंडपंप के हत्थे से कमरे का ताला तोड़ दिया। इसके बाद कमरे में रखे बक्से को खोलकर उसमें रखा चांदी का एक बिछुआ, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक सोने का ताबीज, बच्चों के हाथों के चांदी के खडुआ, एक मोबाइल और मकान बनवाने को रखे 28 हजार रुपये चोर चुराकर ले गए। प्रमोद ने बताया की वह परिवार समेत खाना खाकर रात को नौ बजे छत पर सोने चले गये थे। रात करीब दो बजे जब उनकी पत्नी रामकली छत से नीचे आई और कमरा खुला देखा तो चारो तरफ सामान बिखरा पड़ा होने पर शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी इकठ्ठा हो गए। आनन-फानन में यूपी 100 को फोन किया। पुलिस ने मौका मुआयना किया। थानाध्यक्ष हरिभान सिंह ने बताया की घटना संदिग्ध लग रही है। जांच की जा रही है।