घर लौटे छात्र ने खुद को अगवा बताकर पुलिस को परेशानी में डाला
पूछताछ के दौरान छात्र भी अपनी बताई बातों में उलझा
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)। कछला चौराहे से बुधवार दोपहर रहस्यमय हालात में लापता हुआ छात्र 24 घंटे बाद बरेली में मिल गया। घरवाले उसे लेकर कोतवाली पहुंचे तो उसने अपहरण की जो कहानी सुनाई, उसे सुनकर पुलिस वाले सकते में पड़ गए। हालांकि उसने अपहरण करने वालों के नाम नहीं बताए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव हरपालपुर निवासी हाकिमनाथ का 17 वर्षीय बेटा कृष्णानाथ कछला के राधेलाल इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र है। बकौल हाकिम- कृष्णा बुधवार को अपनी मां को दवा दिलाने के लिए कछला चौराहे पर गया था। कृष्णा घर नहीं लौटा लेकिन उसकी मां घर पहुंच गई। गुरुवार सुबह में कृष्णा की खोजबीन भी की गई। सुबह करीब 10 बजे कृष्णा ने अपने पिता को कॉल करके अपने अपहरण की बरेली स्टेशन पर होने की बात कही। कृष्णा की मानें तो वह ट्रेन में कैसे पहुंचा, यह तो नहीं मालूम लेकिन होश आया तो वह कानपुर के अनवरगंज स्टेशन पर था। उसने उतर कर लखनऊ की ओर जाने वाली दूसरी ट्रेन पकड़ी और लखनऊ से बरेली को बैठ आया। घरवाले उसे लेकर दोपहर बाद कोतवाली पहुंचे। कृष्णा और उसके घरवालों से पुलिस ने क्रास पूछताछ की तो पिता समेत वह अपनी ही बताई बातों में उलझ गए। पुलिस हालांकि हर बिंदु पर तहकीकात में जुट गई है लेकिन कृष्णा यही कहता रहा कि वह जो कह रहा है, वही सही है। इधर, कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि कृष्णा अपने घरवालों को भी गुमराह कर रहा है।
---------
इंसेट
कछला चौराहे पर होती है भीड़
उझानी। घर लौटे कृष्णा ने पुलिस को अपने अपहरण की जानकारी देकर घटनास्थल कछला चौराहा बताया है। बरेली-मथुरा हाईवे से जुड़े कछला चौराहे पर पूरे दिन खासी भीड़ रहती है। ऐसे में सहज विश्वास नहीं किया जा सकता कि कोई बदमाश किसी को भी अगवा कर ले जाएगा। पुलिस ने चौराहे पर जाकर दुकानदारों से पूछा तो उन्होंने ऐसी कोई बात होने से इंकार कर दिया। इससे मामला संदिग्ध होता जा रहा है।