दो घरों से नकदी समेत हजारों का माल ले उड़े चोर
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला जाटान में गुरुवार की रात चोर दो घरों से बीस हजार रुपये की नकदी समेत हजारों का सामान चुराकर ले गए। सूचना पुलिस को दी गई है, मगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
गांव के राकेश कुमार सिंह के यहां बीती रात घर के निकट लगे बिजली पोल के सहारे चोर घर में घुस आए और कमरे में रखे एक बक्से से बीस हजार रुपये की नकदी के अलावा सोने की अंगूठी, जंजीर, कुंडल, टीका, पाजेब आदि आभूषण चुराकर ले गए। इसके अलावा गांव के नरेंद्र कुमार के घर में भी चोर घुस गए और सोने-चांदी के आभूषणों को चुराकर ले गए। चोर बक्सों को खाली कर गांव के निकट एक खेत में फेंक गए। दोनों लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। गांव के लोग बताते हैं कि गांव में रात्रि गश्त न होने के कारण कई दिनों से क्षेत्र में चोरों की आवाजाही बनी हुई है। ब्यूरो