नंदगांव में हर तरफ फैली गंदगी, बुखार का प्रकोप
दर्जनों लोग आए चपेट में, ग्रामीणों में दहशत
अमर उजाला ब्यूरो
कुंवरगांव।
सालारपुर ब्लाक क्षेत्र के गांव नंदगांव में बुखार का प्रकोप है। कई लोग चपेट में आ गए हैं। लोग काफी परेशान हैं। गांव में गंदगी भी काफी फैली हुई है। हर कोई अपने स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है। गांव वालों का कहना है कि प्रधान को पूरी स्थिति से अवगत कराया गया है। उन्होंने अब तक कोई सार्थक कदम नहीं उठाया है।
गर्मी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में गांव नंदगांव में फैली गंदगी के कारण संक्रामक रोगों ने दस्तक दे दी है। धीरे-धीरे अब तक बुखार कई लोगों को चपेट में ले चुका है। गांव के बांकेलाल (35), भूरी (55), आशा (16) पुत्री नेत्रपाल, नीलम (21) पुत्री ओमपाल, नवतोष (1) पुत्र रामचंद्र, निधि (3) पुत्री रामचन्द्र, रूपकिशोर (18), जीवाराम (17), टिंकू (2) पुत्र उदयवीर, नवल किशोर (12) पुत्र नंदकिशोर आदि बुखार की चपेट में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में काफी समय सें सफाई नहीं हुई है। जगह जगह जलभराव के साथ ही गंदगी के ढेर लगे हुए है। इस बारे में ग्राम प्रधान रामा देवी को कई बार बताया गया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
लोगों ने बताया कि बुखार से पीड़ित लोग निजी डॉक्टरों से इलाज करा रहे हैं। यदि जल्द ही इस ओर सेहत महकमे ने ध्यान नहीं दिया तो स्थिति और ज्यादा खराब हो सकती है। बुखार फैलने से गांव वाले दहशत में है।