जंक्शन यार्ड में इंजन के पटरी से उतर जाने की घटना की अधिकारियों ने जांच पूरी कर ज्वाइंट अपनी रिपोर्ट बड़ौदा हाउस भेज दी है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक जांच रिपोर्ट में ट्रायल के दौरान पटरी से इंजन उतरने के लिए ट्रैक की खराबी को जिम्मेदार बताया गया है। इसके बाद मंडल कार्यालय से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने के संकेत दिया गया है।
डीजल से इलेक्ट्रिक में तब्दील किए गए इंजन का पहिया शनिवार को ट्रायल के दौरान जंक्शन यार्ड में पटरी से उतर गया था। चार बोगी की ट्रेन में आरडीएसओ स्टाफ मौजूद था। रात 8:40 बजे यार्ड में इंजन का अगला पहिया पिंडरोल क्लिप तोड़ता हुआ बेपटरी हो गया। पहले कहा गया था कि पटरी आठ पर मालगाड़ी खड़ी होने की वजह से प्वाइंट नहीं बनाया गया था लेकिन ड्राइवर ने सिग्नल को नजरअंदाज कर इंजन आगे बढ़ा दिया। इससे वह पटरी से उतर गया। मंडलीय अधिकारियों ने प्रथम दृष्टया ड्राइवर को दोषी मानते हुए जांच के लिए ज्वाइंट कमेटी बना दी थी। रविवार को कमेटी ने अपनी रिपोर्ट बनाकर मंडल कार्यालय को भेज दी। रेलवे सूत्रों के मुताबिक इंजन के ड्राइवर की लापरवाही से ज्यादा रेल पटरी में कमी को हादसे की मुख्य वजह माना गया।