‘हवाला’ में समन तामील कराने लगी सीबीआई
दिल्ली से आए सीबीआई के सिपाही ने सौंपे समन
रातोंरात करोड़पति बने लोगों की जांच कर रही है एजेंसी
अमर उजाला ब्यूरो
दबतोरी (बदायूं)।
हवाला कारोबार के लिए कुख्यात बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांवों के नए रईसों की जांच कर रही सीबीआई ने अब कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। सीबीआई ने समन तामील कराने की कवायद शुरू की है। सीबीआई ने एक कांस्टेबल को यहां भेजकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से जांच के दायरे में आ रहे लोगों के परिवारीजनों को समन तामील करवाए।
क्षेत्र के आधा दर्जन गांव करीब छह साल से हवाला कारोबार के धंधे के लिए कुख्यात हैं। खासकर अरब देशों में काम कर रहे स्थानीय लोग अपने परिवारीजनों को इन लोगों के खातों के जरिये रकम भेजते हैं। करोड़ों की रकम में लाखों रुपये का कमीशन होता है। देश के कई राज्यों में इस धंधे से जुडे़ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और हेराफेरी करके खातों से करोड़ों रुपये की धनराशि निकालने के मुकदमे दर्ज हुए हैं। संग्रामपुर, दबतोरा, लक्ष्मीपुर आदि गांवों के कई लोग दूसरे प्रदेशों की जेल में बंद हैं। इस धंधे से जुड़े लोग चंद दिनों में करोड़पति बन चुके हैं। इनमें दबतोरा के नफीस बेग, संग्रामपुर के बबलू उर्फ सुल्तान के खिलाफ दिल्ली की सीबीआई ने पिछले साल वहां मुकदमा दर्ज किया था। जेल जाने के बाद यह लोग जमानत पर बाहर आ गए। सीबीआई ने सुबूतों के आधार पर मुकदमे में चार्जशीट लगा दी। अब इन दोनों के समन लेकर दिल्ली से सीबीआई का कांस्टेबल राजेश कुमार बुधवार सुबह पुलिस चौकी दबतोरी पहुंचा। स्थानीय पुलिस के साथ गांव जाकर उसने आरोपियों के परिवारीजनों को समन तामील कराए। सीबीआई के क्षेत्र में आने की सूचना मिलते ही हवाला के धंधे में लगे दूसरे कारोबारियों में खलबली मच गई।
000000000
पहले भी हुई है कार्रवाई
पपंगाव के अलीम, संग्रामपुर के ताहिर के खिलाफ सीबीआई पहले मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज चुकी है। इस धंधे में लगे तौहीद और एक अन्य युवक को बीते सप्ताह आंध्रप्रदेश की साइबर क्राइम टीम हरियाणा से पकड़कर जेल भेज चुकी है। शादाब, हशमत भी जेल जा चुके हैं।
0000000
सीबीआई की है नजर
मोबाइल पर हुई वार्ता में दिल्ली सीबीआई के सब इंस्पेक्टर जुगल किशोर ने बताया कि बैंकों से लेनदेन के मामले में आरोपियों के कोर्ट से समन लेकर सीबीआई के जवान को भेजा गया है। अन्य आरोपियों के मामलों में भी जांच की जा रही है, पूरे घटनाक्रम की जानकारी उजागर नहीं की जा सकती।
0000000
वर्जन
सीबीआई का जवान समन लेकर आया था जिन्हें पुलिस की मदद से तामील कराया गया है। पूरे मामले की जानकारी जुटाकर ऐसे लोगों को चिह्नित भी कराया जाएगा, ताकि आरोप सिद्ध होने पर इन्हें आसानी से गिरफ्तार किया जा सके।
- मुन्नालाल, सीओ, बिसौली