पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद विवाहिता के परिजिन।
- फोटो : अमर उजाला
बदायूं। कोतवाली इलाके में एक विवाहिता की मौत के बाद मायके वालों ने ससुरालियों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप जड़ते हुए हंगामा कर दिया। ससुराली भाग निकले तो मायके पक्ष ने पुलिस बुला ली। कोतवाली पुलिस ने ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदा पर लटकने से मौत की पुष्टि हुई है।
चौधरी सराय नई बस्ती मोहल्ला निवासी मोहम्मद शफीक अहमद ने चार साल पहले इकलौती पुत्री 38 वर्षीय फरहा की शादी शहर के मालवीय गंज बाजार निवासी मोहम्मद असलम से की थी। भाई शकील का आरोप है कि असलम काफी दिनों से दहेज की मांग कर रहा था। मानसिक तनाव में आकर फरहा अक्सर एक साल के बेटे समन को लेकर मायके आ जाती थी। फरहा ने बताया था कि एक लाख रुपये नहीं मिले तो पति उसे मार देगा। बेटी की खातिर मायके वालों ने एक लाख रुपये असलम को दे दिए थे। मगर कुछ दिनों बाद ही असलम बाइक के लिए फरहा को परेशान करने लगा। बाइक देने को इंकार करने पर असलम चिढ़ गया।
सोमवार रात उन्हें ससुरालवालों ने फरहा के बेहोश होने की सूचना दी। रात में ससुराली फरहा का शव लेकर जिला अस्पताल पहुंचे थे। वहां डॉक्टर ने मौत की पुष्टि की तो शव लेकर वापस लौट गए। इसके बाद वह शव को दफनाने के प्रयास में थे कि मायके वाले मौके पर पहुंच गए। इन्हें देखकर सभी ससुराली फरार हो गए। मायका पक्ष की सूचना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव दोबारा अस्पताल लाकर मोर्चरी में रखवाया गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम हुआ तो उसमें हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई। मृतका के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने असलम और उसकी तीन बहनों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। कोतवाल अजय यादव ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।