बदायूं। किशोरी के न मिलने और उसे ले जाने वाले दूसरे समुदाय के लोगों की गिरफ्तारी न होने से नाराज ग्रामीणों ने एसएसपी दफ्तर के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। एसपी सिटी को ज्ञापन देकर कादरचौक पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। एसपी सिटी ने कादरचौक एसओ को इस प्रकरण में तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।
कादरचौक क्षेत्र से 22 नवंबर को एक किशोरी लापता हो गई थी। इसमें गांव निवासी दूसरे समुदाय की उसकी सहेली और दो युवकों की भूमिका रही। इस प्रकरण में लड़की के पिता ने थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि कई दिन तक पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट ही नहीं लिखी। फिर 28 नवंबर को जब रिपोर्ट दर्ज की तो इसके बाद न तो लड़की को खोजा और न ही दोषियों की धरपकड़ की। ट्रैक्टर ट्रॉलियों में भरकर सैकड़ों ग्रामीण बुधवार को एसएसपी दफ्तर आए। यहां उन्होंने जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद एसपी सिटी को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित पक्ष के अधिवक्ता धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि एसपी सिटी ने कादरचौक पुलिस को प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।