चौधरी सराय धर्मस्थल का फैसला आज होने की उम्मीद
बदायूं। चौधरी सराय कबूलपुरा के पांच पाकड़ स्थित धर्मस्थल को लेकर एक समुदाय के लोगों में रोष व्याप्त है। उनका दावा है कि जिस जगह पर वह बाउंड्री निर्माण करा रहे हैं। वह जगह धर्मस्थल की है। इस बात को लेकर दर्जनों लोग शनिवार को डीएम से मिले, जिस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि रविवार पूर्वाह्न 11 बजे अधिकारी मौके पर पहुंचेंगे। वहीं इसका फैसला सभी के सामने किया जाएगा।
विवादित जगह शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौधरी सराय कबूलपुरा में स्थित है। जहां कई साल से दो समुदाय के बीच विवाद पनप रहा है। शुक्रवार को एक समुदाय के लोगों ने चूना आदि डालकर बाउंड्री निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया था। उन्होंने एक तरफ की नींव खुदाई करा दी थी। तभी दूसरे समुदाय के लोगों ने आकर हस्तक्षेप कर दिया था। इससे मौके पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। इसकी सूचना पर एसडीएम सदर पारसनाथ मौर्य, सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार और शहर कोतवाल ओमकार सिंह मौके पर पहुंचे थे। एसडीएम ने मौके पर स्थास्थिति बनाए रखते हुए दोनों पक्षों के लोगों को कार्यालय बुलाया था। शनिवार को एक पक्ष के लोगों ने एकत्र होकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। कहा कि जिस जगह को लेकर दूसरे समुदाय के लोग हस्तक्षेप कर रहे हैं। दरअसल उस जगह पर उनका कोई मतलब भी नहीं है। वह जगह धर्मस्थल की है और इसका अभिलेखों में भी इसका रिकार्ड है। डीएम ने लोगों को आश्वासन दिया कि रविवार को इस समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। अधिकारियों और पुलिस को आदेश दे दिए गए हैं।