रास्ता विवाद को लेकर
युवक ने फूंक दी बाइक
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ दी तहरीर, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सुंदरनगर मोहल्ले में गुरुवार देर रात रास्ता विवाद को लेकर एक युवक ने अपनी बाइक फूंक दी। जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत किया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
यह विवाद गुरुवार रात करीब 11 हुआ था। उस समय सुंदरनगर मोहल्ला निवासी दो भाई अपनी अपाचे बाइक लेकर घर लौट रहे थे। उनके घर के बराबर में गली में बजरी, बजरफुट पड़ा था। उन्होंने जैसे ही बजरी के ऊपर से बाइक निकाली कि फिसल गई। इससे दोनों भाई नाराज हो गए और उन्होंने पड़ोसी को गाली देनी शुरू कर दी। इससे मोहल्ले के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। पड़ोसी राजेश कुमार भी गाली-गलौज सुनकर बाहर आ गए। दोनों भाइयों ने उन्हें गाली देेनी शुरू कर दीं। उन्होंने विरोध किया तो दोनों भाइयों ने अपनी बाइक में आग लगा दी, जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। उसी समय राजेश कुमार ने पुलिस को सूचना दे दी। जिस पर मंडी चौकी इंचार्ज राजेश कुमार पुलिस टीम लेकर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अपनी टीम के सहयोग से जैसे-तैसे आग बुझाई। परंतु तब तक बाइक अधिकतर जल गई। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। इस संबंध में चौकी इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि युवक ने शराब के नशे में बाइक फूंकी थी। उसने आग भी नहीं बुझाई। पुलिस ने खुद मौके पर पहुंचकर आग बुझाई थी। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर आ गई है। मामले की जांच की जा रही है।