सहसवान। पांच वर्षीय बालिका को टॉफी दिलाने के बहाने पड़ोस के ही एक व्यक्ति ने दुराचार करने की कोशिश की। बालिका का भाई मौके पर पहुंचा तो आरोपी फरार हो गया। पीड़ित की मां ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी पहले से शादीशुदा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
नगर में शहबाजपुर के पास स्थित एक दलित बस्ती में रहने वाली महिला ने बताया कि गुरुवार सुबह उनकी बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। तभी बस्ती में रहने वाला एक व्यक्ति नशे की हालत में उनकी पांच वर्षीय पुत्री के पास आया। उसने बच्ची को टॉफी दिलाने की बात कही और बहाने से अपने कमरे में ले गया। वहां वह बच्ची के साथ अश्लील हरकतें करने लगा। उसने बच्ची से रेप की कोशिश की। इस बीच बालिका का दस वर्षीय भाई उसे तलाश करता हुआ आरोपी के कमरे पर पहुंच गया। उसे देखकर आरोपी कमरे से निकल गया। बेटी अपनी बहन को लेकर घर आया और उन्हें घटना के बारे में बताया। तब बालिका के परिवार वालों ने यूपी 100 को सूचना दी। सूचना पर जब तक पुलिस पहुंची आरोपी फरार हो चुका था। बालिका की मां ने रमेश के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। सीओ सर्वेंद्र सिंह का कहना था कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।