वजीरगंज (बदायूं)। थाना क्षेत्र के ग्राम ब्योली में मंगलवार तड़के गांव के बाहर एक युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें हैंगिंग की पुष्टि हुई।
करीब 19 वर्षीय अर्जुन पुत्र हरीशंकर वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम ब्योली निवासी था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था और खेतीबाड़ी करके परिजनों का हाथ बंटाता था। परिवार वालों के मुताबिक अर्जुन सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे खाना खाकर चुपचाप घर से निकल गया। रात एक बजे तक नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। सुबह तक परिवार वाले उसे तलाश करते रहे लेकिन कुछ पता नहीं चला। इधर, सुबह गांव के कुछ लोग खेतों में शौच को जा रहे थे, तभी उन्हें निंदरपाल के खेत में पेड़ पर दुपट्टे से अर्जुन का शव लटका दिखाई दिया। सूचना पर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। परिवार वाले भी रोते-बिलखते आ गए और पुलिस को सूचना देकर शव को नीचे उतार लिया। इधर, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिवार वाले आत्महत्या की बात से इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है। पुलिस ने भी युवक द्वारा आत्महत्या करने की बात कही है।