साथी की दुकान पर युवक से मारपीट कर एलबम छीनकर ले जाने पर फोटोग्राफरों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कोतवाली जाकर शिकायत भी की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने प्रतिष्ठान बंद कर देने की चेतावनी दी है।
कोतवाली पहुंचे फोटोग्राफरों ने कोतवाल देवराज राठी को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। बताया कि विवेक कुमार उर्फ विक्की की दुकान पर गत दिवस उसका परिचित गगन सक्सेना था। उसकी गैर मौजूदगी में किलाखेड़ा मोहल्ले का एक व्यक्ति पहुंचा। उसने पहले तो एलबम दिखाने को कहा फिर वह उससे छीनने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने गगन से हाथापाई कर दी। बाद में आरोप एलबम छीन ले गया।
विक्की ने इसकी शिकायत शाम को ही पुलिस कर्मियों से कर दी थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। कोतवाल ने फोटोग्राफरों को हालांकि जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। फोटोग्राफरों ने आरोपी के नहीं पकड़े जाने पर प्रतिष्ठान बंद कर देने की चेतावनी दी है। कोतवाली पहुंचे फोटोग्राफरों में रमाकांत माहेश्वरी, योगेश प्रताप सिंह, मनोज वार्ष्णेय, गुड्डू खान, जयदीप सक्सेना, सावेज मियां, शरीफ सैफी, गीतम यादव, अभिषेक गुप्ता, इमरान अंसारी, राहुल शर्मा, आशीष बंटी आदि शामिल थे।