मुजरिया थाना क्षेत्र के ग्राम रानेट मटकुली निवासी हाकिम सिंह ने तहरीर देकर दो लोगों पर नौकरी के नाम पर रुपये ठगने का आरोप लगाया है। हाकिम सिंह के मुताबिक उनके पड़ोसी गांव के व्यक्ति की ससुराल मूसाझाग थाना क्षेत्र के एक गांव में है। कुछ दिन पहले दोनों गांव के लोग उनके घर आए थे। उनसे कहा था कि कुछ खर्चा करो तो पुलिस में नौकरी की जुगाड़ हो सकती है। उन्होंने मना किया तो बेटे राजीव को अपने झांसे में ले लिया और उससे पांच जून 2018 को डेढ़ लाख रुपये हड़प लिए। जब नौकरी नहीं लगी तो उन्होंने रुपये मांगे लेकिन दोनों आज कल करते टहलाते रहे। उसके रुपये नहीं लौटाए। ज्यादा कहने पर उसके साथ मारपीट की गई। हाकिम सिंह ने तहरीर देकर दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।