बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज के नजदीक पेट्रोल पंप के पीछे मिले शाहजहांपुर के अलीशेर की गला दबाकर हत्या की गई थी। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद इसका खुलासा हुआ है। अभी यह पता नहीं चला है कि उसकी हत्या किसने की। पुलिस छानबीन में जुटी है।
मंगलवार को शाहजहांपुर जिले के कांठ थाना क्षेत्र के गांव भंडेरी निवासी अलीशेर का शव राजकीय मेडिकल कॉलेज के नजदीक पेट्रोल पंप के पीछे पड़ा मिला था। उसके बेटे सलीम का कहना था कि अलीशेर पांच दिन पहले मोपेड से दिल्ली गया था। वह रविवार सुबह दिल्ली से लौट रहा था, तभी रास्ते से अचानक लापता हो गया। उसकी मोपेड पेट्रोल पंप पर खड़ी मिली थी। मंगलवार को समय ज्यादा होने से उसके शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका।
बुधवार को उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया। उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या बताई गई है। फिलहाल परिवार वाले उसका शव शाहजहांपुर ले गए हैं। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि उसके साथ लूटपाट नहीं हुई थी। उसकी जेब से मिले आठ हजार रुपये परिवार वालों को दे दिए गए थे। इसकी जांच कराई जा रही है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जाएंगे। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।
----------
शाहजहांपुर के व्यक्ति का मंगलवार सुबह शव पड़ा मिला था। बुधवार को उसका पोस्टमार्टम करा दिया गया। उसमें गला दबाकर हत्या बताई गई है। इसकी जांच कराई जा रही है। जो सच्चाई सामने आएगी, उसके अनुसार कार्रवाई होगी।
- अमित किशोर श्रीवास्तव, एसपी सिटी