दातागंज (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में स्थित इंटर कॉलेज की छात्राओं से शनिवार को स्कूल आने के दौरान रायपुर धीरपुर गांव में छेड़छाड़ की गई। सूचना पर पहुंचे प्रधानाचार्य ने एक युवक को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस संबंध में किसी ने पुलिस को तहरीर नहीं दी। इस पर पुलिस ने आरोपी का शांतिभंग में चालान कर दिया।
इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली तमाम छात्राएं रायपुर धीरपुर गांव से होकर निकलती हैं। उनके साथ अक्सर युवक छेड़छाड़ करते हैं। शनिवार को भी कुछ छात्राओं से छेड़छाड़ की गई। छात्राएं स्कूल पहुंचीं और इसके बारे में अपने प्रधानाचार्य को बताया। इस पर प्रधानाचार्य छात्राओं के बताए स्थान पर पहुंच गए। उन्होंने छेड़छाड़ करने वाले एक युवक को पकड़ लिया और सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुला लिया। बाद में पुलिस आरोपी युवक को कोतवाली ले गई। बताते हैं कि शाम तक पुलिस इस संबंध में तहरीर आने का इंतजार करती रही। इस संबंध में पुलिस ने प्रधानाचार्य से भी संपर्क किया लेकिन उन्होंने तहरीर देने से ही इन्कार कर दिया। इससे पुलिस ने आरोपी प्रशांत का शांतिभंग में चालान कर दिया। प्रधानाचार्य ने बताया कि वह छात्राओं की बदनामी नहीं चाहते। आरोपियों पर पुलिस कार्रवाई करे।