सिविल लाइंस थाने के सामने महिला को सड़क से हटाती पुलिस व लोग। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। जिला अस्पताल के सामने एक सप्ताह पूर्व हंगामा करने वाली महिला शनिवार दोपहर सिविल लाइंस थाने के सामने सड़क पर आकर लेट गई। उसने अपने मुकदमे में धारा बढ़वाने की मांग करते हुए हंगामा कर दिया। इस पर पुलिस ने जैसे-तैसे महिला को सड़क से हटाया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव नौशेरा निवासी कुंती ने 27 अगस्त को जिला अस्पताल के सामने हंगामा किया था। उसने डॉक्टर पर ठीक से मेडिकल परीक्षण न करने, पैसे मांगने और दुर्व्यवहार करने समेत कई आरोप लगाए थे। तब पुलिस ने उसे सड़क से हटाकर घर भेज दिया था। वह शनिवार दोपहर सिविल लाइंस थाने के सामने पहुंची और सड़क पर लेट गई। ऐसे में काफी भीड़ जमा हो गई। दोनों ओर सड़क पर वाहन एकत्र हो गए और लोग तमाशा देखने लगे। महिला ने हंगामा शुरू कर दिया। शोर शराबा सुनकर पुलिस वाले थाने से निकल आए।
महिला ने बताया कि उसके पड़ोसी ने उसक ी पिटाई की थी। उसमें पुलिस ने सामान्य धारा लगाकर एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस ने उसे समझाया कि जो उसने तहरीर दी थी, उसी के अनुसार एफआईआर दर्ज की गई। अब उसमें दूसरा मामला नहीं बनाया जा सकता। महिला ने पुलिस वालों से कहा कि मारपीट में उसका काफी खून बह गया था अब आरोपी का खून निकालकर उसको चढ़ाया जाए। थाना पुलिस ने उसे समझाबुझाकर जैसे-तैसे सड़क से हटाया और जाम खुलवाया। कुछ देर बाद महिला अपने घर लौट गई।