बदायूं। बसपा के जिलाध्यक्ष हेमेंद्र गौतम पर दस लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है। इधर उन्होंने आरोप को निराधार बताया है।
मुरादाबाद के बिलारी निवासी रविंद्र चौहान के मुताबिक उनका प्रतिष्ठान बरेली में है। हेमेंद्र गौतम उनके पास आते-जाते थे। विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने कहा था कि बिल्सी विधानसभा क्षेत्र से आप विधायक का चुनाव लड़ लो। वहां से हम टिकट दिलवा देंगे। आरोप है रि इसके लिए उन्होंने बीस लाख रुपये मांगे। इस पर उन्होंने दस लाख रुपये दे दिए। हेमेंद्र गौतम कुछ लोगों से मिलवाने के लिए भी ले गए लेकिन उन्हें टिकट नहीं दिलवाया गया। तब से वह रुपये लौटाने का लगातार आश्वासन दे रहे थे। 20 अगस्त को आखिरी आश्वासन भी निकल गया। अब उन्होंने हेमेंद्र गौतम के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में हेमेंद्र गौतम आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि राजनीतिक छवि खराब करने के लिए ऐसा किया जा रहा है। संवाद