सहसवान कोतवाली में बाइक की के साथ खड़ा सेल्समैन प्रमोद। संवाद
- फोटो : BADAUN
सहसवान (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र में सरसोता के नजदीक शनिवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने शराब के सेल्समैन से लूटपाट की। बदमाश उससे तमंचे के बल पर शराब की पेटी, एक मोबाइल और एक लाख 25 हजार रुपये लूटकर भाग गए। सेल्समैन तीन दुकानों से रुपये लेकर लौट रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव दानपुर निवासी प्रमोद सहसवान में देशी शराब की दुकान पर सेल्समैन है। प्रमोद के मुताबिक वह शनिवार सुबह अपनी ड्यूटी पर निकला था। वह नाधा क्षेत्र की दुकानों कोठा, दानपुर और शादीपुर से पेमेंट लेकर सहसवान आ रहा था। उसकी बाइक पर पीछे सीट पर शराब की एक पेटी बंधी हुई थी। प्रमोद ने बताया कि वह सरसोता के नजदीक पहुंचा था कि तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने पीछा करते हुए उसे रोक लिया। बाइक से उतारकर उसकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। उसके साथ मारपीट भी की। उसके बाद बदमाशों ने उससे बाइक की डिकी में रखे एक लाख 25 हजार रुपये लूट लिए।
उसकी शराब की पेटी, मोबाइल और बाइक की चाबी भी लूट ली। फिर बदमाश उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। उसने राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी। इससे कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। सेल्समैन ने बताया कि बदमाशों की संख्या तीन थी। उनमें दो बदमाश अपने चेहरे पर अंगोछा बांधे हुए थे। दोनों पर तमंचे थे जबकि तीसरा बदमाश बाइक स्टार्ट किए बैठा रहा। सेल्समैन ने घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दे दी है। जांच के लिए एसओजी टीम को भी लगाया गया है।
-
सेल्समैन से लूटपाट के संबंध में सूचना मिली है। जांच के लिए पुलिस टीम को लगा दिया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
- चंद्रपाल सिंह, सीओ सहसवान