उझानी (बदायूं)। दिल्ली रोड स्थित बालाजीपुरम में चोरों ने ग्राम विकास अधिकारी नवीन कुमार के कमरे से दो मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये चोरी कर लिए।
घटना बृहस्पतिवार रात की है। दहगवां ब्लॉक में तैनात वीडीओ नवीन बालाजीपुरम निवासी विजय सक्सेना के मकान में किराये पर रहते हैं। देर रात वह कमरे में सो गए। दरवाजा खुला रहा। सुबह जागे तो मेज पर रखे दोनों मोबाइल फोन और खूंटी पर पैंट नजर नहीं आई तो बेटी से पूछा। बेटी ने जानकारी होने से इन्कार कर दिया। छत पर पहुंचे तो जीने का दरवाजा खुला देख उन्हें चोरी हो जाने का अहसास हो गया। नवीन ने बताया कि पैंट तो मकान के पिछवाड़े पड़ी मिली गई लेकिन जेब से पर्स और 20 हजार रुपये नदारद थे। उन्होंने शुक्रवार सुबह कोतवाली जाकर पुलिस को भी घटना से अवगत करा दिया।
बता दें कि इसी इलाके में दूसरी छोर पर चोरों ने बुधवार रात अहरटोला नई बस्ती निवासी अंकित माहेश्वरी की इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की दुकान को निशाना बना लिया था। चोर हजारों का सामान उड़ा ले गए थे।