उझानी (बदायूं)। चोरों ने दिल्ली हाईवे स्थित अंकित माहेश्वरी की इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान की दुकान को निशाना बना लिया। दीवार काटकर अंदर घुसे चोर दुकान से दो दर्जन बैटरियां, ब्रांडेड कंपनी के तार, एलईडी समेत काफी सामान निकाल ले गए। चोरों ने ऊपरी मंजिल पर दुकान मालिक के बहन-बहनोई के कमरे से जेवरात और नकदी भी चोरी कर ली।
अहीरटोला मोहल्ले में नई बस्ती निवासी अंकित माहेश्वरी की इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान की थोक की दुकान है। उसी के ऊपर बने कमरे में दुकान मालिक की बहन पारुल पत्नी प्रशांत मालपाणि रहती हैं, इस समय वह सिकंदराराऊ मां के घर गई हुईं हैं। बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे अंकित दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो शटर अधखुला नजर आया। अंदर झांका तो सामान बिखरा पड़ा था। उन्हें दुकान की पश्चिमी साइड में दीवार कटी हुई दिखी। जिसके बाद उन्हें चोरी की जानकारी हुई।
दुकान मालिक ने बताया कि चोर दो दर्जन से अधिक बैटरियां, काफी संख्या में बल्ब, नए सीसीटीवी कैमरे, डिब्बों में रखा कई कंपनियों का केबल तार, एलईडी, गुल्लक से कैश के अलावा अन्य सामान ले गए हैं। इसके अलावा उनकी बहन पारुल के जेवरात के अलावा 20 हजार नकद ले गए। उन्होंने बताया कि दुकान से चोर सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी निकाल ले गए।
पुलिस को तहकीकात के दौरान दीवार के पास ही इलेक्ट्रॉनिक कटर भी पड़ा मिला। प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार के हाथ अभी इस चोरी के मामले में कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
-----------
अंकित की दुकान में पहले भी हुई थी चोरी
अंकित की दुकान में करीब दो साल पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है। उस वक्त भी चोर इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान ले गए थे।