बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक गांव के नजदीक सड़क किनारे एक ऑटो ड्राइवर युवती बेहोश पड़ी मिली। थाना पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है। थाना पुलिस उसके होश में आने का इंतजार कर रही है।
मंगलवार शाम एक गांव के लोगों ने करीब 25 वर्षीय युवती को सड़क किनारे पड़े देखा। सूचना पर कई लोग पहुंच गए। उन्होंने युवती की हालत देखकर पुलिस को सूचना दी। इससे पुलिस भी मौके पर आ गई। बताया जा रहा है कि युवती जींस टॉप पहने है। उसके कपड़े अस्त व्यस्त थे। इस पर पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई, जहां उसे भर्ती करा दिया गया। उसके पास एक मोबाइल मिला है।
बताते हैं कि युवती को अस्पताल लाने के दौरान उसके नंबर पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि वह युवती का पड़ोसी है। पता चला है कि वह अकेली रहती है। पेट पालने के लिए किराये पर लेकर ऑटो चलाती है। युवती बिल्सी रोड पर कैसे पहुंची, वह ऑटो लेकर गई थी या नहीं, वह बेहोश कैसे हुई आदि समेत तमाम सवालों की पुलिस जांच कर रही है। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि अभी उसका उपचार कराया जा रहा है। उसके होश में आने पर ही सच्चाई पता चलेगी।