बदायूं के बिनावर इलाके में एक मिस्त्री और ऑटो लिफ्टर साठ-गांठ से चोरी के वाहन बेच रहे थे। ऑटो लिफ्टर चोरी करके बाइक लाता था और मिस्त्री उन्हें सस्ते दामों में बेच देता था। उनके पास से चोरी की तीन बाइक बरामद हुई हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
बिनावर पुलिस बाइक चोरी करने और उन्हें बेचने के मामले में कई दिन से काम कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम पलिया झंडा निवासी जसवीर पुत्र रामलाल चोरी की बाइक सस्ते दामों में बेच देता है। वह बाइक मिस्त्री है और उसकी दुकान विजय नगला चौराहे पर है। इस पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी।
इस दौरान पुलिस को पता चला कि कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव यूसुफनगर निवासी अमित पुत्र दशेंद्र सिंह बाइक चोरी करके लाता है। उसके मिस्त्री से अच्छे संबंध हैं। फिर दोनों चोरी की बाइक बेच देते हैं। इस पर थाना पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी। बुुधवार रात इंस्पेक्टर अजब सिंह, एसआई संजय गौण और संजय कुमार ने घेराबंदी करके दोनों आरोपियों को उसैता रेलवे फाटक से पहले धर्मकांटे के नजदीक से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की तीन बाइक बरामद की हैं। पुलिस एफआईआर दर्ज कर दोनों को बृहस्पतिवार दोपहर पुलिस कार्यालय लेकर आई। एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव ने इस गैंग का खुलासा किया। एसपी सिटी ने बताया कि दोनों आरोपी चोरी की बाइक बेचते हुए पकड़े गए हैं। इसमें एक और व्यक्ति का नाम सामने आ रहा है। उसकी जांच कराई जा रही है।