उझानी (बदायूं)। कृष्णा कॉलोनी निवासी सीमा की रविवार तड़के मौत हो गई। वह पिछले कई दिनों से बीमार थी। पति समेत परिवार के लोग एक दिन पहले ही उसे डिस्चार्ज कराके घर ले आए थे, लेकिन मौत की सूचना के बाद यहां पहुंचे मृतका के पिता ने मामला संदिग्ध बताया, तो पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने को भेज दिया।
बिल्सी कस्बे के मोहल्ला संख्या पांच निवासी सरदार सिंह की बेटी सीमा (27) की शादी नगर में कृष्णा कॉलोनी के सचिन यादव से वर्ष 2014 में हुई थी। उसके तीन बच्चे भी हैं। मृतका के ससुर अभिलाक सिंह के मुताबिक रीढ़ की हड्डी में दिक्कत के चलते सीमा का इलाज बदायूं के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। हालत में सुधार के बाद वह सीमा को डिस्चार्ज कराके शनिवार शाम ही घर लाए थे। तड़के उसकी हालत बिगड़ने पर मौत हो गई। बेटी की मौत की भनक लगते ही बिल्सी से सरदार सिंह और उनके परिजन यहां पहुंचे तो किसी बात पर ससुर-दामाद के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी का मामला कोतवाली पहुंचा तो पुलिस ने दोनों पक्ष से सीमा की मौत के बारे में जानकारी कर शव कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।