बदायूं के दातागंज तिराहे के शोरूम पर ठगी हो गई। शोरूम पर एक युवक व्यापारी बनकर पहुंचा। उसने शोरूम मालिक को चार लाख का फर्जी चेक थमाया और सैंपल के तौर पर एक स्कूटी लेकर भाग गया। स्कूटी मालिक बैंक पहुंचे, तब उन्हें पता चला कि चेक फर्जी है। इस पर उन्होंने सहसवान के अभय माहेश्वरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
शहर निवासी अतुल गुप्ता का दातागंज तिराहे के नजदीक बैटरी चलित स्कूटी का शोरूम है। अतुल गुप्ता के मुताबिक करीब तीन माह पहले उनके शोरूम पर एक युवक आया था। उसने अपना नाम सहसवान निवासी अभय माहेश्वरी बताया था। उनसे कहा था कि वह सहसवान में बैटरी चलित स्कूटी की एजेंसी खोलना चाहता है। उसे कम से कम पांच स्कूटी चाहिए। एक स्कूटी की कीमत 77 हजार 500 रुपये थी। इससे उन्होंने पांच स्कूटी की कीमत तीन लाख 87 हजार पांच सौ रुपये बताई। अभय माहेश्वरी उनसे बोला कि एक स्कूटी उसे सैंपल के तौर पर चाहिए। बाद में वह चार लाख रुपये का चेक देकर एक स्कूटी लेकर चला गया।
दो-चार दिन बाद अतुल गुप्ता चेक लेकर बैंक पहुंचे। जब उन्होंने चेक जमा करने की कोशिश की तो पता चला कि वह फर्जी है। तब उन्हें अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ। उन्होंने दिए गए मोबाइल नंबर पर कॉल की। अभय माहेश्वरी उन्हें रुपये देने का आश्वासन देता रहा। तीन माह गुजरने के बावजूद उसने रुपये नहीं दिए। तब अतुल गुप्ता सिविल लाइंस थाने पहुंचे और अभय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।