उझानी/कछला (बदायूं)। कछला रेलवे स्टेशन से पीएसी के जवानों के चोरी हुए बैग का अब तक कुछ पता नहीं चला है। कछला रेलवे स्टेशन से पीएसी को हटा दिया गया है। पूरी प्लाटून को अलीगढ़ भेज दिया गया है, साथ ही मामले की जांच शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को एटा से कछला पहुंचे कमांडेंट आदित्य प्रकाश वर्मा ने कई लोगों के बयान दर्ज किए। शाम तक उन्होंने मामले की छानबीन की। उसके बाद एटा रवाना हो गए।
चार दिन पहले कछला रेलवे स्टेशन पर तैनात 43 वीं वाहिनी पीएसी एटा के जवानों का एक बैग चोरी हो गया था। इस पर पीएसी के जवानों ने नजदीक के चार-पांच दुकानदारों को कैंप कार्यालय राधेलाल इंटर कॉलेज में ले जाकर सख्ती से पूछताछ की थी। दुकानदारों ने आरोप लगाया था कि जवानों ने उनके साथ मारपीट की। बाल्टी में पानी भरकर उनके सिर डुबोए गए। एक दुकानदार पप्पू की उंगली मरोड़ दी गई, जिससे उसका पूरा हाथ सूज गया। इस दौरान जवानों ने उनसे पूछा था कि उनका बैग कहां है। उसमें सौ कारतूस रखे थे। हालांकि सभी दुकानदारों ने बैग के संबंध में जानकारी से इन्कार किया था। इससे उन्हें छोड़ दिया गया। जब यह मामला अखबारों की सुर्खियां बना तो कछला रेलवे स्टेशन पर तैनात एक प्लाटून पीएसी को हटा दिया गया। बताया जा रहा है कि पीएसी को अलीगढ़ भेज दिया गया है।
बृहस्पतिवार दोपहर मामले की जांच करने 43 वीं वाहिनी एटा के कमांडेंट आदित्य प्रकाश वर्मा कछला पहुंचे। उन्होंने कुछ स्थानीय लोगों से पूछताछ की। बाद में वह कछला रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास तमाम दुकानदारों से जानकारी जुटाई। दुकानदारों ने पीएसी के जवानों द्वारा की गई मारपीट के संबंध में उन्हें जानकारी दी। कमांडेंट ने कछला पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जांच कर रहे हैं, सच्चाई सामने आएगी। उसके अनुसार कार्रवाई कराई जाएगी।
-
मारपीट के शिकार दुकानदारों ने पुलिस को सौंपा पत्र
आरोप है कि कछला रेलवे स्टेशन पर तैनात पीएसी के जवानों ने नन्हे, पप्पू, अनिल, राहुल, फूल सिंह और महेश आदि के साथ मारपीट की थी। सभी ने उझानी कोतवाली पुलिस को एक पत्र दिया है। उन्होंने लिखा है कि पीएसी के जवान बैग चोरी होने के संबंध में उन्हें बुलेट मोटरसाइकिल पर बैठाकर राधेलाल इंटर कॉलेज ले गए थे। वहां कमरे में बंद करके उनके साथ मारपीट की गई। उनका सिर पानी में डुबोया गया। इससे उनके खुली और गुम चोटें आईं हैं। उन्होंने अपना मेडिकल परीक्षण कराने के साथ-साथ पीएसी के जवानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
-
जीआरपी थानाध्यक्ष ने मांगी पीएसी
कछला रेलवे स्टेशन पर पीएसी को कांवड़ सुरक्षा व्यवस्था के तहत लगाया गया था लेकिन बृहस्पतिवार को पीएसी के हटने से कांवड़ियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं जबकि सावन के महीने के दो सोमवार अभी शेष हैं। अब और ज्यादा भीड़ होने का अनुमान है। इसको देखते हुए जीआरपी एसओ संजय कुमार सिंह ने मुरादाबाद जीआरपी एसएसपी से और पीएसी लगाने की मांग की है। उन्होंने एक पत्र एसएसपी जीआरपी को भेजा है। अब दूसरी बटालियन पीएसी को तैनात किया जाएगा।
-
कछला रेलवे स्टेशन से पीएसी का बैग चोरी होने की सूचना मिली है। कुछ दुकानदारों ने मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि कारतूस चोरी का आरोप लगाकर मारपीट की गई। इसकी जांच कर रहे हैं। इसमें जो सच्चाई सामने आएगी। उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
- आदित्य प्रकाश वर्मा, कमांडेंट, 43 वीं वाहिनी बटालियन एटा