उझानी (बदायूं)। पेट्रोल पंप के सेल्समैन से साढ़े तीन लाख रुपये की लूट की सूचना ने सीओ के अलावा उझानी और कादरचौक थाना पुलिस को सकते में डाल दिया। जब सीओ और पुलिस वाले मौके पर पहुंचे तो माजरा दूसरा निकला। पता चला कि सेल्समैन को कुछ लोग पीट रहे थे, सिर्फ इसलिए पुलिस जल्दी आए उसने लूट की सूचना दे डाली।
कोतवाली क्षेत्र के गांव निजामपुर निवासी सुधीर कुमार कादरचौक के गांव भुड़िया स्थित एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन है। पंप कासगंज जिले के गंजडुडवारा निवासी अतुल शर्मा का है। पंप मालिक और सेल्समैन ने दोपहर यहां आकर बैंक में 3.75 लाख रुपये जमा किए। अतुल घर लौट गए, इधर घर लौटते समय सुधीर रास्ते में गांव पटपरागंज के मूंगफली बाजार में इंद्रेश के पास रुका। यहां इंद्रेश की एक खरीदार अंगद से कहासुनी हो गई। वहीं खड़े सुधीर ने भी हस्तक्षेप किया। बाद में दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। ऐसे में सुधीर ने पेट्रोल पंप का कैश लूट लिए जाने की बात कहते हुए पुलिस को फोन कर दिया।
लूट की सूचना के बाद प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने मौके पर पहुंचकर कादरचौक थाना पुलिस को घेराबंदी के लिए लगा दिया। सीओ शक्ति सिंह को भी बुला लिया गया। सीओ ने सुधीर से जानकारी की तो वह सकपका गया। इसके बाद सुधीर के परिचित इंद्रेश को भी दबोच लिया गया। तहकीकात के दौरान दोनों ने हकीकत बयां कर दी। सुधीर ने पुलिस अफसरों को यहां तक बता दिया कि अगर वह लूट की सूचना नहीं देता तो पुलिस मौके पर जल्दी नहीं आती।
पंप मालिक ने भी रकम पहले ही बैंक में जमा कर दिए जाने की बात कही। सीओ ने बताया कि सुधीर और इंद्रेश हिरासत में हैं। दोनों के खिलाफ कार्रवाई होगी।