बिसौली (बदायूं)। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में रविवार रात गनगोली से होकर गुजर रहे कार सवार कांवड़ियों के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा दासपुर निवासी विकास पाराशरी रविवार रात अपनी कार से जल भरने हरिद्वार जा रहा था। उसके साथ खेड़ा दासपुर और कोट निवासी कुलदीप, संजीव उपाध्याय, शेखर गुप्ता, नितिन उपाध्याय, मोनू गोस्वामी, विशाल उपाध्याय और भुवनेश कश्यप भी थे। रास्ते में गनगोली गांव के नजदीक बाइक सवार दो लोग सड़क पर खड़े थे। विकास ने उन्हें रास्ते से हटने के लिए हॉर्न दिया लेकिन उन्होंने बाइक नहीं हटाई। इस पर एक युवक ने कार से उतरकर बाइक साइड में लगा दी और आगे चल दिए। तभी बाइक सवार युवकों ने पीछा करते हुए अपने गांव वालों को फोन कर बुला लिया। इस पर कई लोगों ने लाठी-डंडे लेकर कार सवार कांवड़ियों को रोक लिया। आरोप है कि उनकी कार से उतारकर पिटाई लगाई। इसी दौरान किसी ने मारपीट का वीडियो भी बना लिया और उसे वायरल कर दिया। सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने मारपीट करने वाले गनगोली निवासी राजेश और ट्विकंल को पकड़ लिया। उन्हें थाने ले जाया गया। इसमें सभी युवकों के गंभीर चोटें आईं हैं। उन्हें स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। विकास को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने विकास की तहरीर पर पकड़े गए युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।