बिल्सी (बदायू)। बीमार चल रही बहन को सोरों (कासगंज) से देखने आई भुवनेश देवी को बुधवार दोपहर नगर के अंबियापुर चौराहे पर दो युवकों ने ठग लिया। झांसा देकर उनके कुंडल और एक हजार रुपये लेकर भाग गए। पीड़िता ने सूचना कोतवाली पुलिस को दी है।
कस्बा सोरों निवासी भुवनेश देवी पत्नी अमरीश कुमार मंगलवार को बीमार चल रही मोहल्ला संख्या एक निवासी बहन अंगूरी देवी पत्नी अमर चंद्र माहेश्वरी को देखने आईं थी। बुधवार को वह वापस सोरों जाने के लिए नगर के अंबियापुर चौराहे पर कासगंज जाने वाली बस के इंतजार में खड़ी हुईं थी। करीब आधा घंटे खड़े रहने के बाद उनके पास दो युवक आए और भुवनेश देवी से बोले कि जल्दी से अपने कानों के कुंडल और पर्स में रखे रुपये दे दो, नहीं तो तेरा लड़का मर जाएगा। इससे वह घबरा गई। उन्होंने अपने कुंडल और पर्स में रखे एक हजार रुपये दे दी। इसके बाद दोनों युवक कुंडल और रुपये लेकर भाग गए। महिला ने घटना के बाद शोर मचाया तो वहां लोग इकट्ठा हो गए। पीड़िता भुवनेश देवी ने घटना की सूचना पुलिस को दी है।