इस्लामनगर (बदायूं)। थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वह दो दिन पहले घास काटने गई थी, तभी आरोपी उसे झुग्गी में खींच ले गया। मंगलवार रात उसके पिता ने यहां पहुंचने के बाद बुधवार को मामला दर्ज कराया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है
मामला सोमवार का है। गांव की 14 वर्षीय किशोरी के माता-पिता हिमाचल प्रदेश के बद्दी जिले में मजदूरी करते हैं। वह गांव में अपने चाचा चाची के साथ रहती है। वह गांव के बाहर भट्ठे के नजदीक खेतों में घास काटने गई थी। आरोप है कि तभी प्रेमशंकर उसे झुग्गी में खींच ले गया। वहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसे जान से मारने की धमकी दी। किशोरी ने घर आकर अपने चाचा चाची को बता दिया। इस पर चाचा ने उसके पिता को जानकारी दी। वह मंगलवार रात घर पहुंचे और बुधवार को उन्होंने इस्लामनगर थाने में आरोपी प्रेमशंकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। उसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
-
कुंवरगांव में बालिका से दुष्कर्म की कोशिश
कुंवरगांव (बदायूं)। थाना क्षेत्र के एक गांव में छह वर्षीय बालिका से दुष्कर्म की कोशिश की गई। परिवार वालों के मुताबिक बालिका शाहिद के घर खेलने गई थी। उस दौरान उसकी बड़ी बहन भी मौजूद थी। खेलने के दौरान आरोपी मौका देखकर बालिका को कमरे में ले गया। उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। बड़ी बहन ने यह देख लिया और तुरंत आकर परिवार वालों को इसकी जानकारी दी। परिवार वाले बालिका को आरोपी के घर से लाए। उन्होंने शाहिद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। संवाद