सिलहरी (बदायूं)। बदायूं-बिल्सी रोड पर शनिवार शाम बसंतनगर गांव के नजदीक एक रोडवेज बस ने सामने से ऑटो में जबरदस्त टक्कर मार दी, जिसमें 80 वर्षीय बुलाकी सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने उनके शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। टक्कर मारने वाली बस को तलाश किया जा रहा है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव बदरपुर निवासी बुजुर्ग बुलाकी सिंह शनिवार शाम एक ऑटो से अपनी बेटी के घर चंदऊ गांव जा रहे थे। बताते हैं कि यह ऑटो बदायूं-बिल्सी रोड पर बसंतनगर गांव के नजदीक पहुंचा। उसी दौरान बिल्सी की ओर से एक रोडवेज बस आ रही थी। उसने ऑटो में टक्कर मार दी, जिससे बुजुर्ग बुलाकी सिंह ऑटो से निकलकर सड़क पर जा गिरे। उनका एक पैर बस के पहियों से कुचल गया। फिर ड्राइवर बस को लेकर भाग खड़ा हुआ। सूचना पर उझानी पुलिस मौके पर पहुंच गई। बुजुर्ग के परिवार वाले भी आ गए। वह तुरंत बुजुर्ग को जिला अस्पताल ले गए जहां से उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बुजुर्ग के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।