उझानी की कटरी में अंग्रेजी और देशी ब्रांड की शराब को नष्ट कराते पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। सन 2019 और 2020 में दो कंटेनर से बरामद तस्करी की अंग्रेजी और देसी शराब की 11500 पेटियों को रविवार शाम कटरी में ले जाकर नष्ट कर दिया गया। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और मेटाडोर के जरिये कटरी में पहुंचाई गई इन पेटियों पर बुलडोजर चलाया गया। दोनों केस में चार्जशीट दाखिल होने के बाद सीजेएम कोर्ट ने शराब को नष्ट किए जाने का आदेश दिया था।
बरामद शराब को नष्ट किए जाने की कार्रवाई वितरोई मोड़ के पास कटरी में शुरू हुई। पुलिस के मुताबिक वर्ष-2019 और 2020 में पुलिस ने इसे बदायूं रोड हाईवे के पास से बरामद किया था। बरामद शराब की पहली खेप पार्सल लिखे वाहन के अंदर मिली थी। दूसरी बार मुखबिर की सूचना पर मेटाडोर से भी देसी और अंग्रेजी शराब पकड़ी गई थी। चार्जशीट दाखिल होने के बाद सीजेएम कोर्ट ने इसे नष्ट किए जाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद हेड मोहर्रिर पंकज कुमार की देखरेख में ट्रैक्टर-टॉलियों और मेटाडोर के जरिये शराब की पेटियों को कटरी में पहुंचाया गया।
सीओ की मौजूदगी में शराब नष्ट किए जाने की कार्रवाई के दौरान बुलडोजर भी मौके पर बुला लिया गया। शराब की पेटियों पर अपराह्न तक बुलडोजर चला। शराब को नष्ट किए जाने की कार्रवाई देखने के लिए आसपास इलाके के गांवों से कई लोग मौके पर पहुंच गए लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें लौटा दिया। प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि शराब नष्ट किए जाने के बाद उसके ऊपर केमिकल का भी स्प्रे करा दिया गया है। शराब की पेटियों को बरामदगी के बाद से ही कोतवाली परिसर के कमरे में रखा गया था। कमरे की सील सीओ की मौजूदगी में तोड़ी गई।
-
तस्करों के जरिये कंटेनर से बलिया जानी थी शराब की खेप
पुलिस ने तीन साल पहले हाईवे पर अंग्रेजी शराब से लदा जो कंटेनर पकड़ा था, उसमें ड्राइवर और हेल्पर के अलावा कोई और हत्थे नहीं आया था। ड्राइवर ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया था कि कंटेनर में शराब दूसरे प्रदेश से लोड की गई थी। उसे दूसरा ड्राइवर मुरादाबाद के पास उसके हवाले कर चला गया था। ड्राइवर को बलिया जिले में कंटेनर पहुंचाने के लिए बुक किया गया था। उसने तस्करों के बारे में जानकारी होने से इनकार कर दिया था।