विवाहिता के लापता होने के बाद आरोपी के बारे में मोहल्ले के लोगों से जानकारी करते पुलिस कर्मी। संव
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। नगर के एक मोहल्ले से बुधवार रात एक महिला अपनी दो साल की बेटी के साथ लाखों के जेवरात लेकर चंपत हो गई। बृहस्पतिवार तड़के उसकी सास ने दरवाजा खुला देखा तो परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया पर कोई भी सहज नहीं उठ पाया। पति व बच्चों ने बताया कि रात में दूध पीने के बाद सभी बेसुध होकर सो गए। दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का शक जताते हुए पति और देवर ने पुलिस को बुला लिया। इस दौरान परिवार वालों ने पड़ोस के युवक पर महिला को भगा लेजाने का आरोप लगाया। ऐसे में पुलिस ने उस युवक के घर पहुंचकर भी छानबीन की।
पांच बच्चों में सबसे छोटी दो साल की मासूम बेटी के साथ विवाहिता के चंपत होने का घटनाक्रम बुधवार रात एक बजे का है। विवाहिता की सास ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब तीन बजे वह उठीं तो दरवाजा खुला हुआ था। कमरे में देखा तो अलमारियां भी खुली थीं लेकिन उनके अंदर रखे जेवर, ढाई लाख रुपये नदारद थे। उन्होंने बताया कि उनके दूसरे पुत्र की अगले महीने शादी है, उसी के लिए यह जेवरात बनवाए थे।
बकौल पति- बुधवार देर शाम उसकी पत्नी ने सभी लोगों को अलग-अलग गिलास में दूध पिलाया था। दूध पीने के बाद सभी बेसुध होकर सो गए। परिजन ने पड़ोस के एक युवक पर विवाहिता को लेजाने का आरोप लगाया, यह भी कहा कि पत्नी साथ में ढाई लाख रुपये और जेवर भी ले गई । पति ने पुलिस को मौके पर बुलाकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि मोहल्ले के लोगों से छानबीन करने के बाद मामला प्रेमप्रसंग का सामने आ रहा है।
----
पड़ोसी मोहल्ले से एक और महिला भी नदारद
पांच बच्चों की मां के लापता होने की सूचना के बाद पुलिस तहकीकत करके कोतवाली लौट पाती, उससे पहले ही पड़ोसी मोहल्ले का एक और व्यक्ति कोतवाली पहुंच गया। उसने बताया कि उसकी पत्नी भी लापता हो गई है। उसने परिचित की भूमिका पर सवाल उठाया। लापता महिला के दो छोटे बच्चे हैं।