सहसवान (बदायूं)। सहसवान कोतवाली क्षेत्र में बाइक की टक्कर से 11 वर्षीय बालिका लक्ष्मी की मौत हो गई। बालिका सुबह अपने पिता को खेत पर चाय देकर लौट रही थी। रास्ते में बाइक की टक्कर लग गई। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भाग गए लेकिन बाइक वहीं छोड़ गए। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अलहदादपुर धोबई निवासी वीरेश मंगलवार सुबह अपने खेत पर गेहूं की कटाई कर रहे थे। उनके साथ परिवार के और लोग भी थे। सुबह वीरेश की बेटी उन्हें चाय देने खेत पर आई थी। लौटते समय एक बाइक की उससे टक्कर लग गई। इससे बालिका उछलकर दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। बाइक सवार भी गिर गए। हादसे के बाद वे इतने घबरा गए कि बाइक छोड़कर मौके से भाग गए। सूचना पर बालिका के परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। बालिका तब तक बेहोश हो चुकी थी। परिवार वाले उसे तुरंत बदायूं जिला अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वीरेश ने हरदतपुर निवासी बाइक सवार रवि पुत्र शिवरानायण के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। संवाद