दातागंज। सीडीओ ऋषिराज सिंह ने रविवार देर शाम दातागंज तहसील के गांव कमा में गेहूं क्रय केंद्र पर छापा मारा। यहां क्रय केंद्र से से स्टाफ गायब था। गेहूं की खरीद भी नहीं हो रही थी। पास ही एक आढ़ती के यहां गेहूं लोड किया जा रहा था। सीडीओ ने मौके पर तहसीलदार को गेहूं की जांच कराने के निर्देश दिए।
देर शाम सीडीओ कमा गांव पहुंचे। यहां गेहूं क्रय केंद्र की शिकायत मिल रही थीं। गांव में क्रय केंद्र पर गेहूं की खरीद नहीं हो रही थी, जबकि आढ़त से गेहूं लोड किया जा रहा था। इसके बाद सीडीओ सेरहा बछलिया गांव पहुंचे। यहां क्रय केंद्र चालू नहीं था। सहकारी समिति पर पहुंचे तो यहां भी कोई नहीं मिला। ग्रामीणों ने बताया कि समिति करीब 20 साल से बंद है। यहां समिति की जमीन पर कब्जा हो गया है। सीडीओ ने ग्रामीणों से बात की। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने अपना भवन बनवाया है। इस पर सीडीओ ने पैमाइश करा कर जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर सरकारी जमीन पर कब्जा पाया जाता है तो उसके ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाए। पूर्व प्रधान गुड्डू सिंह सोलंकी से भी समिति के बारे में सीडीओ ने जानकारी ली।