बदायूं। उझानी कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह एसटीएफ मेरठ ने स्थानीय पुलिस के साथ एक ट्रक से चार क्विंटल गांजा पकड़ लिया। इसमें दो तस्कर पकड़े गए जबकि तीन तस्कर भाग निकले। ये तस्कर उड़ीसा से ट्रक में गांजा लादकर ला रहे थे। पुलिस ने पांचों तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ट्रक को सीज कर दिया गया है।
शनिवार दोपहर एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने पत्रकारों को बताया कि सुबह एसटीएफ मेरठ को सूचना मिली कि एक ट्रक में लादकर गांजे की बड़ी खेप लाई जा रही है। मुखबिर ने पुलिस को ट्रक का रंग बता दिया, जिसपर उसने उझानी पुलिस से मदद ली। इस पर दोनों टीमों ने उझानी बाईपास पर पहुंचकर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। खासतौर पर ट्रक चेक किए गए। पुलिस टीम ने एचपी पेट्रोल पंप के नजदीक एक ट्रक रोका। जैसे ही ट्रक रुका कि उसमें से तीन लोग उतरकर भाग गए। यह देखकर पुलिस टीम भी दौड़ी। इससे वह लोग तो नहीं पकड़े जा सके लेकिन ट्रक में सवार दो अन्य लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। उसके बाद ट्रक की तलाशी ली गई। ट्रक के केबिन में एक बॉक्स से तीन क्विंटल 96 किलो गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए लोगों ने पूछताछ में अपने नाम फईम पुत्र शाहिद निवासी शेखूपुरा थाना मीरगंज (बरेली), अरबाज खां पुत्र जावेद निवासी वानखाना थाना प्रेमनगर (बरेली) बताए। जबकि फरार साथियों के नाम बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में वानखाना बगिया निवासी जुबैर, कासगंज के सोरों थाना क्षेत्र में होडलपुर काशीराम नगर निवासी सनम मिश्रा और कासगंज के सोरों में मढ़ई मोहल्ला निवासी सुधाकर साहू बताए। कहा कि वह आलू लेकर उड़ीसा गए थे। वहीं से तैंदी नामक व्यक्ति ने गांजा लोड कराया था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 35 से 40 लाख रुपये है। सूचना पर दातागंज सीओ प्रेमकुमार थापा भी उझानी पहुंच गए थे। इस खुलासे के दौरान एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान और सीओ सिटी आलोक मिश्रा मौजूद रहे।
-
उझानी बाईपास पर उतारा जाना था गांजा
पकड़े गए तस्करों के अनुसार उड़ीसा में तैंदी नामक व्यक्ति ने गांजा लोड कराया था। उसनेे कहा था कि ये गांजा उझानी बाईपास पर उतारा जाना है। उसने दवाई बताकर गांजा लोड कराया था। इसके लिए एक मोबाइल नंबर दिया। बोले इस नंबर पर कॉल कर लेना। फिर उसे गांजा हवाले कर देना। उसने 60 हजार रुपये में ट्रक बुक किया था।
-
तस्करों का सरगना है सनम
कासगंज के सोरों निवासी सनम मिश्रा गांजा तस्करों का सरगना है। वह मादक पदार्थों की तस्करी करता आया है। यह गांजा भी उसकी अगुवाई में लाया जा रहा था। शेष तस्कर उसके सहयोगी हैं।
-
इस टीम ने पकड़ा गांजा
यह पूरा अभियान सीओ दातागंज प्रेमकुमार थापा के निर्देशन में चला। इसमें एसटीएफ मेरठ के इंस्पेक्टर सुनील कुमार, उझानी के एसआई अनूप सिंह, हेड कांस्टेबल एसटीएफ रकम सिंह, प्रमोद कुमार, जोशी राणा, हेड कांस्टेबल उझानी अनुपम कुमार, बलराम सिंह, कांस्टेबल एसटीएफ आकाश दीप, महेश शर्मा, प्रदीप धनकड़, चालक अंकित स्योरान, कांस्टेबल आलोक राठी उझानी आदि का सहयोग रहा।
-
उझानी में बाईपास पर एक ट्रक से करीब चार क्विंटल गांजा पकड़ा गया है। इसकी कीमत करीब 35-40 लाख रुपये है। इसमें दो तस्कर पकड़े गए हैं। जबकि तीन भाग गए। ये लोग उड़ीसा से गांजा ला रहे थे। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
- डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी