दातागंज (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र में तीन युवकों को फेसबुक पर पोस्ट में तमंचे लहराना भारी पड़ गया। कोतवाली पुलिस ने शनिवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया और कार्रवाई करते हुए दोपहर बाद उन्हें जेल भेज दिया।
होली के दौरान कोतवाली क्षेत्र के तीन युवकों ने फेसबुक पर तमंचे लहराते हुए फोटो अपलोड किए थे। इसकी शिकायत पुलिस के पास पहुंची थी। जिस पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। बताते हैं कि उनमें एक युवक बड़ा परा मोहल्ला निवासी मोहम्मद हसन और दूसरा सूरज है। तीसरा युवक नवदिया गांव का रहने वाला धर्मवीर है। तीनों ने अपनी-अपनी आईडी पर तमंचे लहराते हुए फोटो डाले थे। पुलिस तीनों युवकों को तलाश कर रही थी। शनिवार सुबह तीनों युवकों को अलग-अलग स्थान से गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उन्हें जेल भेजा गया। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। संवाद