बदायूं। दो दिन पहले बिसौली स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एंबुलेंस कर्मचारी के आत्महत्या करने के मामले में कोतवाली पुलिस फर्रुखाबाद पहुंची। पुलिस ने वीडियो कॉल पर बात करने वाली युवती के बयान दर्ज किए हैं। युवती का कहना है एंबुलेंस कर्मचारी उनका रिश्तेदार था। इससे उसकी रोज बात होती थी। उनके बीच क्या-क्या बातें हुईं थीं। इसके लिए पुलिस ने कर्मचारी का मोबाइल जांच के लिए भेजा है।
बिसौली स्वास्थ्य केंद्र की पुरानी बिल्डिंग में शनिवार रात फर्रुखाबाद निवासी एंबुलेंस कर्मचारी देवेंद्र यादव ने फंदे पर लटककर जान दे दी थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची थी, तब एंबुलेंस कर्मचारी का मोबाइल मेज पर टिका रखा था। उसमें वीडियो कॉल चल रही थी। दूसरी ओर से एंबुलेंस कर्मचारी की रिश्तेदार युवती बात कर रही थी। उसने स्वीकार किया था कि उससे बात होने के दौरान ही एंबुलेंस कर्मचारी ने आत्महत्या की। इस पर उसके भाई ने पुलिस को सूचना दी। तब कहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारी का शव फंदे से उतारा था। कोतवाली पुलिस ने दूसरे दिन दोपहर के समय एंबुलेंस कर्मचारी के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। इस संबंध में परिवार वालों ने कोई तहरीर नहीं दी लेकिन कोतवाली पुलिस सोमवार को फर्रुखाबाद पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस कर्मचारी से वीडियो कॉल पर बात कर रही युवती के बयान दर्ज किए। युवती ने बताया कि कर्मचारी उनके रिश्तेदार थे। इससे वह उनसे बात करती थी। हालांकि उसने प्रेमप्रसंग जैसी कोई बात नहीं स्वीकारी है। पुलिस ने कर्मचारी के मोबाइल को जांच के लिए भेजा है। दोनों के बीच किस तरह की बातें होती थीं। उनके बीच किस तरह के रिश्ते थे। ये तो जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। संवाद