सहसवान (बदायूं)। एक गांव से दूसरे गांव जा रही बरात की गाड़ी से बाइक में साइड लगने के बाद खासा बवाल हो गया। बाइक सवारों की सूचना पर भवानीपुर के लोगों ने बरात की गाड़ियों में तोड़फोड़ कर कई बरातियों को जमकर पीटा। कुछ ऐसे लोग भी पिटाई का शिकार हुए जिनका बरात से मतलब नहीं था। देर रात पुलिस मौके पर थी, एसएसपी का कहना था कि दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखी जाएगी।
बारातियों ने पुलिस को बताया कि वह लोग मंगलवार रात आठ बजे करीब गांव अहमदनगर असौली से बरात लेकर नदायल जा रहे थे। बरात के साथ कई कारें थीं। इस बीच टेड़ाघाट पुल के पास एक बाइक को कार की साइड लग गई। बाइक पर दो लोग बैठे थे जो बिल्कुल सुरक्षित रहे। बावजूद इन लोगों ने बरात की कार रुकवाकर झगड़ा शुरू कर दिया। संभ्रांत लोगों ने वहां समझौता करा दिया। इस बीच बाइक सवार लोगों ने अपने गांव भवानीपुर के लोगों को कॉल करके बरात को घेरने के लिए कह दिया।
बरातियों के मुताबिक खतरे से अनजान जब वह लोग बरात लेकर भवानीपुर से गुजरे तो वहां के लोगों ने कारें रोककर तोड़फोड़ शुरू कर दी। लाठी, डंडे, पत्थर फेंके जिससे करीब छह कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। कई लोग घायल हो गए। उन लोगों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। हमलावर इतने गुस्से में थे कि उन्होंने पीछे से आईं अपने गांव भवानीपुर के लोगों की एक कार को भी बरात की कार समझकर तोड़फोड़ कर दी और उसमें बैठे लोगों को पीट डाला।
रात करीब दस बजे सहसवान पुलिस काफी संख्या में मौके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल भेजा गया। खबर लिखे जाने तक किसी ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी। कुछ लोग माफीनामे और समझौते की भी चर्चा कर रहे थे। हालांकि एसएसपी डॉ ओपी सिंह ने बताया कि मामूली बात पर बरातियों से मारपीट की घटना संज्ञान में आई है, इसमें रिपोर्ट दर्ज कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद