ओरछी चौराहे पर उड़नदस्ते ने तीन लाख रुपये पकड़े। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। विधानसभा चुनाव की तिथि घोषित होने के बाद में जिले में उड़नदस्ते सक्रिय हो गए हैं। शुक्रवार को जिले में दो जगह उड़नदस्तों ने साढ़े 18 लाख रुपये जब्त किए। हालांकि मालिकों व वाहनों को छोड़ दिया गया। रकम का वैध स्रोत दिखाने पर उसे वापस कर दिया जाएगा।
थाना कुंवरगांव पुलिस शुक्रवार शाम बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी। कुंवरगांव थाना क्षेत्र में बरेली के थाना आंवला बॉर्डर पर प्रभारी निरीक्षक कुंवरगांव की टीम ने लखनऊ नंबर की कार को रोककर चेक किया। इसमें अमित गुप्ता निवासी कांसपुर रोड कस्बा दातागंज के पास से साढ़े पंद्रह लाख रुपये बरामद किए गए। अमित के एक साथी भी उनके साथ थे। इन लोगों ने खुद को धान व्यापारी बताया। कहा कि व्यापार के सिलसिले में यह रकम लेकर जा रहे थे। हालांकि इतनी रकम ले जाने का संतोषजनक उत्तर न देने पर मौके पर ही फ्लाइंग स्कवॉड टीम के प्रभारी मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद को सूचित कर बुला लिया गया। थाने में सीओ सिटी आलोक मिश्रा ने व्यापारियों से पूछताछ की। कहा कि टीम ने फिलहाल रुपया जब्त कर राजकीय कोष में जमा करा दिया है। व्यापारियों को छोड़ दिया गया। वैध पत्राजात दिखाने पर रुपया उन्हें सौंपा जा सकता है।
इधर, उड़नदस्ते की दूसरी टीम ने ओरछी चौराहे पास में चेकिंग के दौरान एक वाहन से तीन लाख रुपये की धनराशि पकड़ी। पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने अपना नाम अरुण सिंह, निवासी फिरोजाबाद बताया। कहा कि व्यापार के सिलसिले में धनराशि ले जा रहे थे। फिलहाल ये धनराशि कोषागार में जमा करा दी गई है। संवाद