बदायूं। सहसवान में थाने के पास और ब्लॉक के सामने राजीव फोटो स्टेट की दुकान में फर्जी वोटर आईडी और आधार कार्ड बनाने का धंधा चुनाव में गड़बड़ी के लिए किया जा रहा था। यहां ऐसे लोगों के फर्जी आधार कार्ड और वोटर आईडी बनाए जा रहे थे जिनके नाम मतदाता सूची में हैं, लेकिन वह कहीं बाहर रह रहे हैं। गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों ने यह बात स्वीकार की है। यह भी बताया है कि फर्जी दस्तावेज बनाने के बदले वह 500-500 रुपये वसूलते थे।
एसओजी और थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम संयुक्त रूप से सहसवान में बिल्सनगंज रोड ब्लॉक के सामने और कोतवाली के पास स्थित राजीव फोटो स्टेट की दुकान पर दबिश दी थी। यहां से पुलिस ने काफी संख्या में फर्जी वोटर आईडी, आधार कार्ड, अन्य दस्तावेजों के साथ लैपटॉप, स्कैनर, प्रिंटर, फोटो स्टेट मशीन, डिवाइस, फर्जी मोहरें, ड्राइविंग लाइसेंस आदि बरामद किया था। मौके से जहांगीराबाद के राजीव पुत्र प्रेम चंद्र और चोई का नगला के प्रेमपाल पुत्र डाल चंद्र को हिरासत में लिया था। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी है।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वह 500-500 रुपये लेकर फर्जी आधार कार्ड और वोटर आईडी बनाते थे। शाम को दुकान बंद करते वक्त बचत का आधा-आधा कर लेते थे। ऐसे लोगों के फर्जी दस्जावेज बनाते थे जिनके नाम मतदाता सूची में हैं, लेकिन वह यहां निवास नहीं करते। इससे उनको अच्छा मुनाफा होता था। आरोपियों के संपर्क में और कौन लोग थे। इसके साथ ही वह कितने लोगों ने फर्जी दस्तावेज बना चुके हैं इसकी जांच की जा रही है।
-
फोटो स्टेट की दुकान पर फर्जी वोटर आईडी और आधार कार्ड बनाने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से फर्जी वोटर आईडी, आधार कार्ड, लैपटॉप, स्कैनर, प्रिंटर, फोटो स्टेट मशीन, डिवाइस, फर्जी मोहरें आदि बरामद की गई हैं। संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा गया है।
- ओपी सिंह, एसएसपी