बदायूं। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने लखनऊ में बैठे एक पुलिस अधिकारी से गालीगलौज करने के आरोप में कादरचौक में तैनात दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस अधिकारी दरोगा के रिश्तेदार हैं। उनका आपस में कोई विवाद चल रहा है। इसको लेकर दोनों लोगों की मोबाइल पर बात हुई थी। उसी दौरान उनके बीच गर्मागर्मी हो गई।
दरोगा अवधेश कुमार फतेहपुर का निवासी है। करीब दस दिन पहले उसका कादरचौक में ट्रांसफर हुआ था। बताते हैं कि उसके एक रिश्तेदार पुलिस विभाग में अफसर हैं। वह इस समय लखनऊ में तैनात हैं। कुछ दिन पहले दरोगा अवधेश कुमार और रिश्तेदार पुलिस अधिकारी के बीच मोबाइल पर बातचीत हुई थी। इस दौरान काफी गर्मागर्मी हो गई। इस पर पुलिस अधिकारी ने लखनऊ के गोमतीनगर थाने में दरोगा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। इसकी सूचना बदायूं एसएसपी को भेजी गई। इस पर एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया।
इधर, दरोगा लाइन हाजिर होने से काफी तनाव में है। मंगलवार रात दरोगा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुबह उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। दरोगा ने बताया कि लाइन हाजिर होने से वह काफी मानसिक अवसाद में है।
-
दरोगा के खिलाफ लखनऊ के गोमतीनगर थाने में एफआईआर दर्ज हुई है। उस पर लखनऊ के एक पुलिस अधिकारी से गालीगलौज करने का आरोप है। इस मामले में उसे लाइन हाजिर किया गया है।
- डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी