बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र में एक युवती से घर में घुसकर छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से मारपीट का मामला बताकर मेडिकल परीक्षण करा दिया लेकिन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की।
मामला बुधवार रात का बताया जा रहा है। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती अपने घर में अकेली रहती है। उसके माता-पिता या कोई भाई-बहन नहीं है। उसकी उझानी इलाके में शादी हुई थी लेकिन पति से झगड़े के बाद अलग-अलग रहने का फैसला हो गया और अब वह अपने मायके में ही रहती है।
युवती का आरोप है कि बुधवार रात वह खाना खाकर सोने जा रही थी, तभी मोहल्ले के दो युवक उसके घर में घुस आए। उन्होंने युवती को पकड़ लिया। उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की लेकिन युवती ने शोर मचा दिया।
इससे आरोपी बौखला गए और उसके साथ मारपीट कर दी। शोर शराबा सुनकर मोहल्ले के तमाम लोग आ गए। तभी आरोपी भाग गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस पीड़िता को थाने ले गई। युवती का आरोप है कि उसने थाना पुलिस को छेड़छाड़ का मामला बताया था लेकिन पुलिस ने इसे दबाते हुए एक सिपाही से मारपीट के आरोप में तहरीर लिखवाई। उसके बाद मारपीट के ही आरोप में उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। युवती का कहना है कि वह अकेली है। इससे पुलिस उसकी सुनने को तैयार नहीं है। पुलिस आरोपियों का पक्ष ले रही है।
-
मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। अगर किसी युवती के साथ छेड़छाड़ हुई है तो इसकी जांच कराई जाएगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
- गजेंद्र कुमार श्रोत्रिय, सीओ उझानी