इस्लामनगर (बदायूं)। भाजयुमो के उघैती मंडल अध्यक्ष कुलदीप शर्मा की बुधवार शाम रुदायन में पुलिस ने पिटाई कर दी। दरोगा, सिपाही और होमगार्ड कुलदीप शर्मा को बाइक पर बैठाकर चौकी ले गए। बाद में भाजयुमो नेताओं ने उन्हें छुड़ाया। दरोगा समेत पुलिस टीम के खिलाफ तहरीर दी गई है।
बुधवार शाम एक होमगार्ड से फोटोस्टेट की दुकान के बाहर बाइक खड़ी करने को लेकर कुलदीप शर्मा का मामूली विवाद हुआ था। इसके बाद होमगार्ड ने फोन करके दरोगा रनवीर सिंह, कांस्टेबल नेत्रपाल और होमगार्ड गोपाल को बुला लिया। तीनों ने कुलदीप शर्मा की सड़क पर ही पिटाई कर दी। बाद में उनकी बाइक को पुलिसकर्मी ले गया और पुलिस कुलदीप को अपनी बाइक पर बैठाकर इस्लामनगर थाने ले गई। कुलदीप का आरोप है कि थाने में भी उन्हें पीटा गया। भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी कुछ साथियों संग कुलदीप शर्मा को पुलिस से छुड़ा लाए। कुलदीप शर्मा ने दरोगा, कांस्टेबल और होमगार्ड के खिलाफ तहरीर दी है। कहा है कि उनका अपमान किया गया है। इसकी शिकायत प्रदेश अध्यक्ष व बड़े नेताओं से करेंगे। इस संबंध में एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि मामले में सीओ बिल्सी बलदेव सिंह को मौके पर भेजा है। उनकी जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद